विज्ञापन के लिए संपर्क करें

‘विराट कोहली, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और अश्विन’, इन सीनियर खिलाड़ियों पर एक्शन के मूड में BCCI

न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम को 3-0 से शर्मनाक शिकस्त के बाद सीनियर खिलाड़ियों पर सवाल उठने शुरु हो गए हैं। इस हार से सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि बीसीसीआई भी नाराज है। यही कारण है कि बोर्ड अब कड़े फैसले लेने का मन बना चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो टीम इंडिया के कई सीनियर खिलाड़ियों के टेस्ट करियर का फैसला ऑस्ट्रेलिया दौरे पर होगा। बीसीसीआई डब्ल्यूटीसी (विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप) के अगले चक्र की शुरुआत से पहले अनुभवी खिलाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना रहा है।

कम से कम दो सीनियर खिलाड़ियों पर गिर सकती है गाज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज रोहित शर्मा, विराट कोहली, रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन में से कम से कम दो के लिए अंतिम हो सकती है। ये चारों खिलाड़ी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के आखिरी चरण में हैं। भारत के पास आर. अश्विन के लिए वाशिंगटन सुंदर का तैयार विकल्प है, जबकि रविंद्र जडेजा के लिए अक्षर पटेल को मौका दिया जा सकता है। ओपनिंग बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड 2023 से अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं, जबकि साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल मध्य क्रम में योगदान दे सकते हैं। बीसीसीआई के दिग्गजों और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित के बीच उम्रदराज खिलाड़ियों के साथ टीम के आगे बढ़ने के बारे में अनौपचारिक चर्चा हो सकती है।

बॉर्डर-गावस्कर सीरीज करेगी सीनियर्स के करियर का फैसला?

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने खुद ही हार की जिम्मेदारी ली है। जब रोहित से भारत के टेस्ट भविष्य के बारे में उनके विचार पूछे गए तो उन्होंने कहा, ‘देखिए, मुझे नहीं लगता कि हम इतना आगे की सोच सकते हैं। अगली सीरीज पर ध्यान केंद्रित करना महत्वपूर्ण है, जो कि ऑस्ट्रेलिया है।’ उन्होंने कहा, ‘मैं ऑस्ट्रेलिया सीरीज से आगे नहीं देख रहा हूं। मगर इस हार ने रोहित की कप्तानी, उनकी बल्लेबाजी, विराट कोहली समेत सीनियर खिलाड़ियों पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।  BCCI के एक सीनियर सूत्र ने बताया, ‘निश्चित रूप से इस हार का जायजा लिया जाएगा। भारतीय टीम 10 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना होगी। यह एक बहुत बड़ी हार (न्यूजीलैंड सीरीज) है। ऑस्ट्रेलिया सीरीज बेहद करीब है और टीम का ऐलान पहले ही हो गया है. ऐसे में अब कोई बदलाव नहीं होगा।’

Mukul Dwivedi
Author: Mukul Dwivedi

I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप हेडलाइंस