पूरे उत्तर भारत में ठंड का सितम जारी है। पहाड़ी राज्यों से लेकर यूपी बिहार तक ठंड और शीतलहर ने टेंशन बढ़ा दी है। पिछले 72 घंटे से कई राज्यों में घना कोहरा देखने को मिला रहा है। कोहरे के कारण खराब दृश्यता को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। इसका असर ट्रेन और उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है। उधर, पहाड़ी इलाकों में फिर से मौसम में बदलाव के आसार है, मैदानी इलाकों वाले कई राज्यों में बुधवार को बारिश होने से मौसम का मिजाज फिर बदल गया। आईएमडी की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ और जम्मू कश्मीर में गंभीर शीतलहर और बारिश के कारण ठंड में भारी इजाफा हो सकता है।
बारिश, बर्फबारी और शीतलहर ने तोड़े रिकॉर्ड
उत्तर भारत में भारी बारिश, बर्फबारी और शीतलहर के चलते ठंड ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आमतौर पर मकर संक्रांति के बाद से ठंड कम हो जाती थी, लेकिन इस साल अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में जारी बर्फबारी का असर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी होने की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, उत्तराखंड और लद्दाख में फिलहाल जमकर बर्फबारी हो रही है। यहां कुछ क्षेत्रों का तापमान शून्य से भी नीचे पहुंच चुका है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से लोगों के हाथ-पांव तक जम रहे हैं। पहाड़ से आने वाली ठंडी हवा ने पहले ही मैदानी इलाकों का तापमान गिरा दिया है। ऐसे में अगर यहां बारिश होती है तो मैदानी इलाकों में भयंकर शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है।
दिल्ली-यूपी में शीतलहर का कहर
देश की राजधानी दिल्ली में अगले दो दिन बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। कोहरे और बढ़ती ठंड को देखते हुए यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। मौसम विभाग ने अभी कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। शुक्रवार तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई बारिश के बाद तापमान थोड़ा बढ़ा है0 लेकिन मौसम विभाग ने बताया कि आज यानी शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की वजह से हवाओं में नमी बढ़ी है। ऐसे में मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए दिल्ली में लो विजिबिलिटी का अलर्ट जारी किया है।
ट्रेनें और उड़ाने लेट
घने कोहरे के कारण, राजधानी दिल्ली में 140 फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि दस उड़ानों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के हवाई अड्डों पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। वहीं कोहरे के कारण शुक्रवार को रेल यात्री भी परेशान रहे। भुवनेश्वर राजधानी, मुंबई राजधानी सहित लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों विलंब से चल रही हैं। सबसे अधिक लगभग 14 घंटे के विलंब से सहरसा गरीब रथ अपने गंतव्य पर पहुंचेगी।वहीं, देरी से दिल्ली पहुचंने के कारण वापसी दिशा में कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा है।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 8
Views Today : 12