उत्तर भारत इस समय शीतलहर और भीषण ठंड की चपेट में है। सुबह कोहरे और दिनभर चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी को और ज्यादा बढ़ा दिया है। नए साल के पहले यूपी, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार सेमत कई राज्यों में आने वाले हफ्ते में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में यूपी, दिल्ली समेत कुछ राज्यों में बारिश होने की भी संभावना है। दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा है। आज मौसम में कुछ खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, हिमाचल प्रदेश में भीषण शीतलहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू के कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। पीरपंजाल रेंज, चिनाब वैली के पहाड़ी क्षेत्रों में भी वर्षा की संभावना है। कश्मीर के कई जिलों में अभी भी तापमान शून्य के नीचे है। कड़ाके की ठंड के कारण पानी सप्लाई की लाइनें जम गईं हैं। इसके साथ ही बिजली कटौती भी काफी हो रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में शीत लहर का असर निचले पहाड़ी इलाकों में भी दिख रहा है। स्थानीय मौसम विभाग ने बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में कड़ाके की ठंड को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।राज्य में ताबो शनिवार रात को सबसे सर्द रहा जहां तापमान माइनस 11.6 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि उत्तराखंड में देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दून में शुष्क मौसम में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है और न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है। पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है। 27 दिसंबर से इन राज्यों के ज्यादातर क्षेत्रों में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से वर्षा-बर्फबारी होने की उम्मीद है।
दिल्ली में हल्की बारिश, हरियाणा-पंजाब में भी बढ़ी ठंड
कोहरे और सर्दी की मार सह रही दिल्ली के कई स्थानों पर सोमवार सुबह हल्की बारिश हुई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में आज पूरे दिन बरसात हो सकती है। हालांकि बारिश होने से तापमान में तो गिरावट देखी गई है लेकिन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में कोई सुधार नहीं हुआ है, अभी भी कई इलाकों का AQI 400 से ज्यादा का बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज सुबह दिल्ली-एनसीआर के जींद, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, हांसी, महम, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी में हल्की बरसात हुई है, जिससे मौसम पहले से ज्यादा ठंडा हो गया है। पंजाब के बठिंडा, अमृतसर, होशियारपुर, अंबाला और बरनाला में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा के चंडीगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 2
Views Today : 2